करुणाधाम आश्रम में आज होगा सामूहिक करवाचौथ पूजन, चंद्र दर्शन पर होगी आतिशवाजी

101 जोड़े होंगे शामिल, संत शांडिल्य महाराज के सानिध्य में होगा आयोजन

भोपाल। नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में 29 अक्टूबर को सामूहिक करवाचौथ व्रत पूजन का आयोजन किया जाएगा। शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में 101 जोड़े शामिल होंगे। चंद्र दर्शन के समय पूजन स्थल पर भव्य आतिशबाजी की जाएगी।

समिति के संयोजक कमल गर्ग और प्रवक्ता रमेश राठौर ने बताया कि भारतीय परंपरा में महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखती हैं। समिति की ओर से पिछले नौ वर्षों से कोटरा और नेहरू नगर में सामूहिक करवाचौथ पूजन का आयोजन किया जा रहा है।

इस वर्ष का आयोजन संत श्री शांडिल्य महाराज के सानिध्य में होगा। पंडित विष्णु राजौरिया विधि-विधान से करवाचौथ व्रत का पूजन कराएंगे। चंद्र देव के दर्शन होने पर व्रती महिलाएं पूजा-अर्चना करेंगी। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की जाएगी।

आयोजन स्थल पर सोलह शृंगार में आने वाली महिलाओं के लिए सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए आयोजन, स्वागत, साज-सज्जा, रंगोली और व्यवस्था समितियों का गठन किया गया है।

आयोजन की तैयारियों में सुनील भार्गव, निशा उपाध्याय, चेतराम, दीपिका भार्गव, मुकेश गर्ग, आज्ञाराम चौधरी, गायत्री गर्ग, कविता अनुरागी, शशि गुप्ता, शीतल वर्मा, अजय भार्गव, प्रिंसी चंद्रवंशी, पूनम ठकुरिया, राधा मित्तल और पंकज मित्तल सहित अनेक सदस्य जुटे हैं।

Exit mobile version