10 अगस्त तक पुराना सचिवालय खाली करें, सभी कार्यालयों की शिफ्टिंग पूरी हो: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

भोपाल, 20 जुलाई। भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को री-डेंसिफिकेशन (पुनर्विकास) योजना की समीक्षा बैठक लेकर पुराना सचिवालय परिसर में संचालित कार्यालयों की शिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में 10 अगस्त तक सभी शेष कार्यालयों की शिफ्टिंग पूरी कर ली जाए।
बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि जिस प्रकार महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग के कार्यालयों को उनके संबंधित मुख्यालयों में स्थानांतरित किया जा चुका है, उसी तरह पुराना सचिवालय, कलेक्ट्रेट और संभागायुक्त कार्यालय परिसर में संचालित अन्य कार्यालयों की शिफ्टिंग भी शीघ्र शुरू की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों की शिफ्टिंग अभी तक नहीं हुई है, वे तत्काल कार्ययोजना बनाकर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यालय नए स्थानों पर स्थानांतरित हो सकें।
बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल, एडीएम पी.सी. शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





