State

उड़ान ग्रुप की अनूठी पहल: सेमरी खुर्द में 51 पौधे लगाए, विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी

भोपाल। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उड़ान ग्रुप की सदस्याओं ने ग्राम सेमरी खुर्द (बागरोदा) में पौधरोपण एवं सेवा गतिविधि का आयोजन किया। कार्यक्रम में सरपंच भूरी बाई और शासकीय विद्यालय के प्राचार्य राकेश पटेल की मौजूदगी में 51 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही विद्यालय के 50 विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति सहयोग का संदेश दिया गया।

उड़ान ग्रुप की हेमा गुप्ता ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक है, जब पौधों की नियमित देखभाल भी की जाए। इसी उद्देश्य से पौधों का रोपण ऐसे स्थान पर किया गया, जहां उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके। सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन की आधारशिला बन सकता है।

अभियान में दीप्ति शर्मा, प्रियंका तिवारी, गरिमा कुलश्रेष्ठ, कीर्ति गुप्ता, रश्मि, मधु, एकता जैन, ज्योति पटेल, कविता, विजयलक्ष्मी, अपर्णा सहित उड़ान ग्रुप की अनेक सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक दाल-बाटी के सामूहिक भोज के साथ हुआ।

Related Articles