State

पंच-ज अभियान के तहत एलएनसीटी लॉ यूनिवर्सिटी में हुआ वृक्षारोपण, विधिक जागरूकता का भी दिया संदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल द्वारा एलएनसीटी लॉ यूनिवर्सिटी में पंच-ज अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी, विश्वविद्यालय की डीन डॉ. एम.के. साहू, रजिस्ट्रार श्री सोनी, एनसीसी अधिकारी, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के लगभग 100 पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया।

सचिव सुनीत अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आग्रह करते हुए वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत तथा विभिन्न विधिक जागरूकता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

Related Articles