कंटेनर में छिपाकर ले जा रहे 871 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर पुलिस और झांसी नारकोटिक्स विंग की संयुक्त कार्रवाई, 4.35 करोड़ रुपये का गांजा और कंटेनर जब्त

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर में एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है। गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कंटेनर में गांजे के साथ 412 पेंट के डिब्बे भी रखे हुए थे, जिनकी आड़ में मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नारकोटिक्स विंग के समन्वय से यह कार्रवाई की।

एनएच-30 पर घेराबंदी कर रोका कंटेनर

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को सूचना मिलने पर टीम ने गोसलपुर थाना क्षेत्र में एनएच-30 स्थित मुस्करा मोड़ के पास जबलपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध कंटेनर क्रमांक NL-01-AC-7191 का पीछा किया। मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया गया।कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों के उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के निवासी होने की जानकारी सामने आई।

पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियों में छिपा था गांजा

कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं। इन बोरियों में खाकी रंग के टेप से पैक किए गए पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वजन करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

विशाखापट्टनम से निकले थे आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विशाखापट्टनम से माल लेकर निकले थे। रास्ते में ओडिशा के बलांगीर निवासी एक व्यक्ति के कहने पर गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। गांजे को मध्यप्रदेश में मैहर के पहले निर्धारित स्थान पर खाली किया जाना था। एक आरोपी ने पूछताछ में ओडिशा के बलांगीर निवासी व्यक्ति के कहने पर पहले भी कई बार मध्यप्रदेश में गांजे का परिवहन करने और प्रत्येक खेप पहुंचाने के बदले एक लाख रुपये मिलने की बात बताई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गांजे की आपूर्ति करने वाले लोगों और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version