हरदीप पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने पर भाजपा की नैतिकता पर सवाल: जीतू पटवारी

एप्स्टीन प्रकरण पर उठाए सवाल, कांग्रेस प्रदेशभर में करेगी विरोध प्रदर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा की राजनीतिक मंशा और नैतिक मूल्यों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एप्स्टीन प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में हरदीप पुरी का नाम सामने आने के बाद इन सवालों का स्पष्ट जवाब देश के सामने आना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि सार्वजनिक रूप से सामने आई जानकारियों में वर्ष 2014 से 2017 के बीच हरदीप पुरी और जेफरी एप्स्टीन के बीच मुलाकातों और ईमेल संवाद का उल्लेख किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि इन मुलाकातों की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और क्या ये केवल प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई थीं। उन्होंने भाजपा और पुरी से इन सवालों पर तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एप्स्टीन का नाम गंभीर यौन अपराधों से जुड़े मामले में सामने आया है। ऐसे व्यक्ति के साथ संपर्क को लेकर उठे सवालों पर पारदर्शिता जरूरी है। यह किसी को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही सुनिश्चित करने का मामला है।

राज्यसभा सीट को लेकर भी भाजपा से जवाब मांगा

पटवारी ने हरदीप पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुरी पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाने की क्या वजह थी?

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के एक दलित राज्यसभा सदस्य से इस्तीफा दिलवाकर सीट खाली कराई। पटवारी ने सवाल किया कि क्या भाजपा के पास प्रदेश में योग्य नेताओं की कमी है या राज्यसभा सीटों का इस्तेमाल दिल्ली के राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को खुली बहस की चुनौती

पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ सार्वजनिक मंच पर खुली बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि हरदीप पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने के पीछे क्या कारण हैं और एप्स्टीन प्रकरण से जुड़े सवालों पर पार्टी का आधिकारिक पक्ष क्या है।

उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के नैतिक मूल्यों और चरित्रवान कार्यकर्ताओं से जुड़े विचारों का उल्लेख करते हुए भाजपा से पूछा कि उसके सिद्धांत राजनीतिक फैसलों में भी दिखाई देते हैं या केवल भाषणों तक सीमित हैं।

### प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

पटवारी ने घोषणा की कि कांग्रेस इस फैसले के विरोध में प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगी तथा भाजपा के इस राजनीतिक निर्णय के खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा।

उन्होंने मीडिया से भी आग्रह किया कि मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित न रखा जाए, बल्कि भाजपा से सीधे सवाल पूछे जाएं। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ निराधार आरोप लगाने की नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और मध्यप्रदेश के राजनीतिक सम्मान की है। भाजपा को उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।

Exit mobile version