भोपाल में जुटेंगे पश्चिम मध्य रेल के 400 स्काउट्स एवं गाइड्स

1 नवंबर से पांच दिवसीय राज्य स्तरीय रैली का आगाज, 4 नवंबर को होगा ग्रैंड कैंपफायर एवं समापन समारोह

भोपाल। युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के गुण विकसित करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य स्तरीय रैली का आयोजन 1 से 5 नवंबर 2026 तक भोपाल में किया जा रहा है। रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी में आयोजित इस पांच दिवसीय रैली में करीब 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और यूनिट लीडर्स भाग लेंगे।

रैली में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित भोपाल, जबलपुर और कोटा मंडलों के प्रतिभागी शामिल होंगे। विभिन्न मंडलों से आए प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा, कौशल, रचनात्मकता और संगठनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का होगा आयोजन

रैली के दौरान विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सहयोग, टीम भावना और सेवा के प्रति समर्पण जैसे गुणों को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में स्काउटिंग एवं गाइडिंग के मूल सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सेवा और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करना है।

महाप्रबंधक की मौजूदगी में होगा समापन

रैली का प्रमुख आकर्षण 4 नवंबर को आयोजित होने वाला भव्य ग्रैंड कैंपफायर एवं समापन समारोह होगा। इसमें पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

पश्चिम मध्य रेल की यह राज्य स्तरीय रैली युवाओं के व्यक्तित्व विकास, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक सेवा को बढ़ावा देने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

Exit mobile version