State

प्रान्तीय योग प्रशिक्षित शिक्षक-अध्यापक संघ के अधिवेशन में शहडोल के दो प्रतिनिधियों ने की सहभागिता

भोपाल/शहडोल। प्रान्तीय योग प्रशिक्षित शिक्षक-अध्यापक संघ का चतुर्थ प्रान्तीय अधिवेशन एवं प्रान्तीय प्रबंध कार्यकारिणी का निर्वाचन सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी मंगलेश यादव एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी रामकुमार तेलकर के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त संचालक शिक्षा, भोपाल संभाग एवं मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रान्ताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर रहे।

अधिवेशन में प्रदेश के 43 जिलों से योग प्रशिक्षित शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शहडोल जिले का प्रतिनिधित्व पूर्व जिला योग प्रभारी एवं वर्तमान जिला/संभाग अध्यक्ष महेश प्रसाद द्विवेदी तथा गोहपारू विकासखंड के ब्लॉक प्रभारी अमरबहादुर सिंह ने प्रान्त प्रतिनिधि के रूप में किया।

निर्वाचन में सर्वसम्मति से मनोहर सिंह राजपूत (रायसेन) को पुनः प्रान्ताध्यक्ष, कुलदीप भारती (विदिशा) को सचिव, मनोज कश्यप (सिवनी) को उपाध्यक्ष, डॉ. ममता सिंह चौहान (रायसेन) को संयुक्त सचिव तथा अतुल कुमार सिंघई (दमोह) को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इसके अलावा दो कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

अधिवेशन में कहा गया कि इस बार की प्रान्तीय कार्यकारिणी में युवा एवं ऊर्जावान पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है, जिससे संघ की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

शहडोल संभाग की ओर से महेश प्रसाद द्विवेदी एवं अमरबहादुर सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Related Articles