State

रायसेन मंडी में मुनीम पर हमला कर 10 से 15 लाख रुपये लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई वारदात, व्यापारी के कर्मचारी ने साथी के साथ छह महीने पहले रची थी साजिश; चार लाख रुपये बरामद

रायसेन। गल्ला मंडी स्थित व्यापारी के कार्यालय में मुनीम पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश व्यापारी के ही एक कर्मचारी ने अपने साथी के साथ मिलकर रची थी। आरोपियों ने करीब छह महीने पहले लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से चार लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार, कपड़े व जूते जब्त किए हैं।

घटना 12 नवंबर की रात की है। अज्ञात आरोपी रायसेन गल्ला मंडी स्थित व्यापारी के कार्यालय और गोदाम में घुसे थे। वहां सो रहे मुनीम के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसके सिर पर हमला किया और करीब 10 से 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मुनीम को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया था। मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के नेतृत्व में रेंज और जिला स्तर पर विशेष टीमें बनाई गईं। पांच एसडीओपी के नेतृत्व में गठित इन टीमों ने घटनास्थल और आसपास के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। इसके अलावा जिले के 300 से अधिक हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चार लाख रुपये नकद, घटना के समय पहने गए कपड़े और जूते, लोहे का कटर, पेचकस तथा सब्बल जब्त किए गए।

## पहचान छिपाने के लिए बदली वेशभूषा और रास्ते

पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने मंडी में सीजन के दौरान अधिक नकदी रहने की जानकारी के आधार पर वारदात की योजना बनाई थी। घटना की रात उन्होंने कार्यालय के ताले और वेंटिलेशन की जाली तोड़ी तथा खिड़की के रास्ते अंदर घुसने का प्रयास किया। मुनीम के जागने पर उसे चुप कराने के लिए सिर पर ईंट से वार किया। इसके बाद सब्बल से अलमारी तोड़कर नकदी निकाल ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर काली टेप लगाई और चेहरे ढंककर रखे। वे मुख्य सड़कों के बजाय अंदरूनी रास्तों से आए और लौटे। दोनों ने सामान्य मोबाइल कॉल की जगह टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया। रास्ते में कपड़े और जूते भी बदले, ताकि पुलिस की निगरानी से बच सकें। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और अन्य भौतिक साक्ष्यों के विश्लेषण से पुलिस उन तक पहुंच गई।

Related Articles