State

कानपुर से दिल्ली के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, 428 किमी का सफर होगा आसान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, 22 एलएचबी कोच वाली ट्रेन से औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों को मिलेगा लाभ

भोपाल। कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क मजबूत करने के लिए कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक कानपुर एक्सप्रेस शुरू की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इससे दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और अन्य यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नई ट्रेन कानपुर को दिल्ली के प्रमुख परिवहन केंद्र आनंद विहार से सीधे जोड़ेगी। इसके रास्ते में फफूंद, इटावा, फिरोजाबाद क्षेत्र के टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहर और औद्योगिक क्षेत्र आएंगे।

कई औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

इस ट्रेन से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी औरैया तथा गेल पाता तक पहुंच आसान होगी। इटावा के कृषि क्षेत्र, फिरोजाबाद के कांच उद्योग, हाथरस के हींग प्रसंस्करण और पीतल कारोबार तथा अलीगढ़ के ताला उद्योग को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। खुर्जा के सिरेमिक उद्योग और दादरी के लॉजिस्टिक्स केंद्र के लिए भी यह सेवा उपयोगी होगी।

एलिवेटेड ट्रैक से जाम की समस्या होगी दूर

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कानपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले पुराने जाम से स्थायी राहत दिलाएगा। परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और जरूरी मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, प्रस्तावित मार्ग दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा तथा आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित होगा। इस परियोजना के शुरू होने पर दिल्ली से कानपुर का सफर करीब 1 घंटे 45 मिनट में पूरा हो सकेगा। लखनऊ से कानपुर पहुंचने में लगभग 27 मिनट लगेंगे।

रेल मंत्री ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी तेजी से चल रहा है। सांसद रमेश अवस्थी ने नई ट्रेन शुरू होने और एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कानपुर के पुराने औद्योगिक गौरव को फिर से स्थापित करने की दिशा में रेलवे की ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण साबित होंगी।

Related Articles