State

एमपी एग्रो का कारोबार दो साल में 109 करोड़ बढ़ा, लाभ 24.60 करोड़ रुपये हुआ

मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने और योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के दिए निर्देश

भोपाल। एमपी एग्रो का कुल कारोबार वर्ष 2023-24 के 383.41 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 492.51 करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान निगम का अनुमानित लाभ भी सात करोड़ रुपये से बढ़कर 24.60 करोड़ रुपये पहुंच गया। सोमवार को मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने निगम को व्यावसायिक गतिविधियों का और विस्तार करने तथा इसका अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि एमपी एग्रो अपनी एजेंसियों और चैनल पार्टनर्स के माध्यम से स्वीकृत निर्माण कार्य जल्द शुरू कराए। निर्माण में आने वाली बाधाओं को स्थानीय जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर दूर किया जाए। उन्होंने कामों की नियमित निगरानी करने के साथ गुणवत्ता और तय समय-सीमा का ध्यान रखने को कहा।

कुशवाहा ने सूक्ष्म सिंचाई उपकरणों, जैव उर्वरकों और खाद्य प्रसंस्करण मशीनरी के विपणन को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उज्जैन सिंहस्थ-2028 से जुड़े संभावित कार्यों की तैयारी अभी से शुरू करने और निगम की लंबित गतिविधियों में तेजी लाने को कहा।

बैठक में एमपी एग्रो के प्रबंध संचालक अरविंद दुबे ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक निगम 229.99 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुका है। इस अवधि में नॉन-ट्रेडिंग गतिविधियों से 75.99 करोड़ रुपये और चैनल पार्टनर्स के माध्यम से 5.55 करोड़ रुपये का व्यवसाय हुआ है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में निगम ने 1 लाख 19 हजार 147 लीटर तरल जीवाणु खाद का उत्पादन किया। इससे 416.93 लाख रुपये की बिक्री हुई। जैव उर्वरकों की बिक्री बढ़ाने के लिए ई-विकास पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है।

Related Articles