State

तिरंगे का अपमान: वार्ड 50 कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज जलाने का वीडियो वायरल,  एफ आई आर की मांग, आंदोलन की चेतावनी

भोपाल, ।  राजधानी भोपाल से देशभक्ति को आहत करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर निगम वार्ड क्रमांक 50 के कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज को जलाने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसे लेकर शहर में आक्रोश फैल गया है। राष्ट्रीय ध्वज का अपमान भारतीय संविधान और कानून के तहत गंभीर अपराध है और यह राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है।

शिकायतकर्ता ने की FIR की मांग, पुलिस पर लीपापोती के आरोप

इस मामले की शिकायत कांग्रेस नेता एवं ब्लॉक अध्यक्ष नवीन चौबे ने शाहपुरा थाना प्रभारी से की है। उन्होंने मांग की है कि इस घटना में शामिल वार्ड कार्यालय प्रभारी एवं संबंधित निगम कर्मियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह के तहत FIR दर्ज की जाए। यह जांच की जाए कि किसके आदेश पर यह कृत्य हुआ। नवीन चौबे ने स्पष्ट कहा कि अगर प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

हर घर तिरंगा अभियान के झंडों को जलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत लाखों की संख्या में तिरंगे झंडे नगर निगम द्वारा खरीदे गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इनमें से बचे हुए झंडों को निगम कर्मचारियों द्वारा कचरे के साथ जला दिया गया। इस कृत्य को एक युवक जय  ने शनिवार को दोपहर 1 बजे मौके पर देखा और इसका विरोध किया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जय के विरोध करने पर वार्ड प्रभारी जितेन्द्र चौहान (पीली शर्ट) तुरंत मौके पर पहुंचे और झंडों को हटाने का प्रयास किया।

भाजपा पार्षद के परिजनों पर भी आरोप
वीडियो में भाजपा पार्षद सुषमा बाबिसा के भतीजे और निगमकर्मी मुकेश बाबिसा भी दिखाई दे रहे हैं। उन पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप है। साथ ही, दो सफाई कर्मचारियों (एक महिला और एक पुरुष) ने भी कैमरे पर स्वीकार किया कि “हमसे गलती हो गई।
मोहल्ले के कई रहवासियों ने बताया कि यह कृत्य लगातार पिछले चार दिनों से किया जा रहा है, लेकिन अब इसका वीडियो प्रमाण सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया है।

पुलिस कार्रवाई सवालों के घेरे में
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शाहपुरा थाना पुलिस इस मामले में सिर्फ खानापूर्ति कर रही है और राजनीतिक दबाव के चलते लीपापोती हो रही है। FIR दर्ज नहीं की गई है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की चेतावनी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल ब्लॉक अध्यक्ष नवीन चौबे के नेतृत्व में शाहपुरा थाने पहुँचा और तत्काल FIR की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं होती, तो सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles