बाबूलाल गौर की 96वीं जयंती पर श्रद्धांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, मंत्री कृष्णा गौर ने किया मेडिकल कैंप का शुभारंभ

महाविद्यालय परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की 96वीं जयंती के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बाबूजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों और जनसेवा के योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि यह महाविद्यालय पूज्य बाबूजी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं आदर्शों के अनुरूप शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करता रहे तथा समाज को योग्य नागरिक प्रदान करे। उन्होंने कहा कि बाबूलाल गौर का जीवन जनसेवा, सादगी और विकास के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
मेडिकल कैंप में कराई स्वास्थ्य जांच
जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित मेडिकल कैंप में मंत्री कृष्णा गौर ने स्वयं ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच कराई। जांच रिपोर्ट सामान्य आने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और उपस्थित लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में अनेक नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति जनजातीय आयोग के सदस्य (राज्यमंत्री दर्जा) माननीय बारेलाल अहिरवार ने महाविद्यालय के निरंतर विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय जैन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. कमलेश नेगी ने बाबूलाल गौर की जयंती के अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे नागरिक एवं छात्र
इस अवसर पर तेजसिंह ठाकुर, पार्षद नीरज सिंह, टी.आर. मिश्रा, अंशुल यादव, करतार नागर, अरविंद जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





