State

चलती ट्रेन में यात्री की जान बचाई, ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने दिखाई सूझबूझ

भोपाल। गाड़ी संख्या 12753 से मनमाड़ से भोपाल तक सामान्य कोच में यात्रा कर रहे यात्री सुशील पाटिल के साथ इटारसी स्टेशन यार्ड में एक अप्रिय घटना हुई। ट्रेन के यार्ड में खड़े होने पर वह पानी लेने के लिए नीचे उतरे। वापस लौटकर कोच में चढ़ने पर उन्हें पता चला कि उनका बैग, जिसमें नकदी, टिकट और अन्य सामान था, चोरी हो चुका है।

बैग की तलाश के दौरान ट्रेन चलने लगी। ऐसे में सुशील पाटिल चलती ट्रेन के अंतिम डिब्बे पर चढ़ने का प्रयास करने लगे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसी दौरान ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने तत्परता दिखाते हुए उनका हाथ पकड़कर पूरी ताकत से खींच लिया। इस प्रयास में स्वयं रोमेश चौबे भी कोच के भीतर गिर पड़े, लेकिन उन्होंने यात्री का हाथ नहीं छोड़ा और सुरक्षित अंदर खींच लिया।

इस घटना में सुशील पाटिल के पैर में चोट और सूजन आ गई। उनके पास भोजन भी नहीं बचा था, इसलिए ट्रेन मैनेजर ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए उन्हें केले उपलब्ध कराए।

ट्रेन मैनेजर की सतर्कता और साहस से एक यात्री की जान बच गई तथा संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles