भोपाल, 25 जुलाई। रेलवे इंस्टीट्यूट, भोपाल में रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) आभार दिवस का आयोजन उत्साह, गरिमा और भाईचारे के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लेवल-8 के वित्तीय उन्नयन के दौरान नियमविरुद्ध बताए जा रहे स्थानांतरणों को रुकवाकर पात्र टिकट चेकिंग कर्मचारियों की भोपाल में ही पदस्थापना सुनिश्चित कराने के लिए WCRMS के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करना था।
कार्यक्रम में भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों से बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग कर्मचारी एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि इस उपलब्धि में WCRMS के महामंत्री अशोक शर्मा, मंडल सचिव कमलेश परिहार और मुख्य शाखा भोपाल के सचिव अनिरुद्ध सोनी की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने संगठन के सतत प्रयासों और प्रभावी पैरवी की सराहना करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों के हितों की रक्षा संभव हो सकी।
इस अवसर पर IRTCSO के महासचिव हेमंत सोनी, WCRMS के संयुक्त महामंत्री एम.एस. पुरी, जे.ए. नियाजी, ओ.पी. मीना, अशोक सिन्हा, सुनील वर्गीज़, विजय श्रीवास्तव, अनिल सोनी, दीपक मालवीय, अशोक सिंह, पंकज कुमार, डी.के. साहू, राहुल देव, विकास सक्सेना, विनीत दीक्षित, शैलेन्द्र सिंह और अभिषेक पुरोहित सहित भोपाल, इटारसी, विदिशा और बीना से लगभग 200 टिकट चेकिंग कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के सदस्य कमल मूलचंदानी, अरुण गुबरेले, के.एस. चौधरी और मोहम्मद यूनुस ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती ही कर्मचारी हितों की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कर्मचारियों ने WCRMS के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कर्मचारी हितों की रक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
