State

भोपाल मंडल से गुजरेंगी तीन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

रानी कमलापति-दानापुर ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे, रक्सौल और मधुबनी से भी चलेंगी वन-वे स्पेशल

भोपाल। त्योहारी सीजन और छठ पूजा के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे शामिल हैं। इसके अलावा रक्सौल से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और मधुबनी से अहमदाबाद के बीच एक-एक फेरे की वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इन ट्रेनों के ठहराव भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी रहेंगे।

रानी कमलापति-दानापुर ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे

गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल ट्रेन अब 20, 23 और 27 नवंबर को भी संचालित होगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर नर्मदापुरम 3:25 बजे और इटारसी 3:55 बजे पहुंचेगी। इटारसी में 15 मिनट ठहराव के बाद आगे रवाना होगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 21, 24 और 28 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन इटारसी स्टेशन पर सुबह 7:50 बजे और नर्मदापुरम में 8:35 बजे पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में रहेगा। ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के चार, शयनयान के 12, सामान्य श्रेणी के चार और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

रक्सौल से मुंबई के लिए वन-वे स्पेशल

गाड़ी संख्या 05593 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस वन-वे पूजा स्पेशल 18 नवंबर को रक्सौल से शाम 7:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को इटारसी स्टेशन पर शाम 5:40 बजे पहुंचेगी और 5:50 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 20 नवंबर को सुबह 5:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

## मधुबनी-अहमदाबाद ट्रेन 18 नवंबर को चलेगी

छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए गाड़ी संख्या 05581 मधुबनी-अहमदाबाद वन-वे पूजा स्पेशल भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 18 नवंबर को मधुबनी से शाम 6:15 बजे रवाना होगी।

भोपाल मंडल में इसका ठहराव बीना, विदिशा और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन 19 नवंबर को बीना में शाम 6:35 बजे, विदिशा में 7:35 बजे और संत हिरदाराम नगर में रात 8:45 बजे पहुंचेगी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद आगे रवाना होगी। यह ट्रेन 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी मुड़वारा, दमोह, सीहोर, उज्जैन, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, आनंद और गेरतपुर सहित अन्य स्टेशनों पर भी रहेगा।

Related Articles