भोपाल के NID मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर तीन दिवसीय ‘धागा–एक पहचान’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। देशभर के 25 से अधिक शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर भोपाल में ‘धागा–एक पहचान’ कार्यक्रम का शुभारंभ
भोपाल। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2026 के अवसर पर अचारपुरा स्थित राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID) मध्यप्रदेश में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘धागा–एक पहचान (Threads of Identity)’ का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने किया। यह आयोजन राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, मध्यप्रदेश और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर नाबार्ड, भोपाल की मुख्य महाप्रबंधक सी. सरस्वती और मेहर बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी चेयर हसन सिंह मेजी भी उपस्थित रहे।
देशभर के 25 से अधिक शिल्पकार कर रहे हैं शिल्प प्रदर्शन
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात, पंजाब और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए 25 से अधिक शिल्पकार अपनी पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध शिल्प परंपरा को नई पीढ़ी और डिज़ाइन शिक्षा से जोड़ना तथा शिल्पकारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।
लाइव वर्कशॉप और ‘फर्शनामा’ प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
उद्घाटन दिवस पर टफ्टेड रग मेकिंग और लिप्पन आर्ट की लाइव कार्यशालाएं, शिल्पकार संवाद, जनजातीय नृत्य प्रस्तुति तथा ‘फर्शनामा’ शीर्षक से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के दुर्लभ कालीन संग्रह की प्रदर्शनी आयोजित की गई। परिसर में शिल्प प्रदर्शनी और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
8 और 9 अगस्त को भी जारी रहेगा आयोजन
8 अगस्त को NID मध्यप्रदेश परिसर में मास्टर शिल्पकारों की लाइव कार्यशालाएं, शिल्प प्रदर्शन और ‘फर्शनामा’ प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
कार्यक्रम का समापन 9 अगस्त को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में होगा। यहां शिल्प प्रदर्शनी, प्रमाण-पत्र वितरण समारोह और ‘रिवायत – ए वॉक थ्रू हैंडकाफ्टेड एलिगेंस’ नामक विशेष फैशन शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय हथकरघा और हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन होगा।
राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, मध्यप्रदेश ने नागरिकों, विद्यार्थियों, डिज़ाइन प्रेमियों और शिल्प एवं संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों से आयोजन में शामिल होकर देशभर से आए शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
