State

अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन घाट और चल समारोह मार्गों की होगी विशेष सफाई

सड़कों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश, झांकी पंडालों और भंडारा स्थलों पर गीला-सूखा कचरा अलग रखने की व्यवस्था

भोपाल, 15 सितंबर। अनंत चतुर्दशी और डोल ग्यारस पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए भोपाल नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को विसर्जन घाटों, झीलों और चल समारोह मार्गों की विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जहां जरूरी हो, वहां सड़कों और अन्य स्थानों की मरम्मत भी समय पर पूरी करने को कहा गया है।

निगम मुख्यालय अटल भवन में मंगलवार को हुई बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विसर्जन से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। सड़कों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार कर आगामी समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सीवेज लाइन के काम के बाद किए गए रेस्टोरेशन की भी समीक्षा करने को कहा। मानकों के अनुसार काम नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने और निर्धारित मानकों के अनुसार रेस्टोरेशन कराने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने झांकी पंडालों, विसर्जन घाटों और भंडारा स्थलों पर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था करने को कहा। दोनों प्रकार के कचरे का परिवहन भी अलग-अलग कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, अक्षय कुमार तेम्रवाल, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह सहित उपायुक्त दिनेश सिंह, धीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles