भोपाल में कोलार जल प्रदाय योजना का काम अंतिम चरण में, गुरुवार को भी कई इलाकों में पानी सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना

थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण कार्य जारी, शुक्रवार सुबह तक सामान्य हो सकती है जलापूर्ति

भोपाल। राजधानी भोपाल में कोलार जल प्रदाय योजना से जुड़े रखरखाव और पाइपलाइन सुधार कार्य के चलते गुरुवार को भी कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। नगर निगम द्वारा पाइपलाइन मरम्मत का मुख्य कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है, लेकिन संरचना को मजबूती देने के लिए बनाए जा रहे थ्रस्ट ब्लॉक का कार्य अभी शेष है।

अधिकारियों के अनुसार बुधवार शाम तक थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया था, जबकि शेष कार्य गुरुवार तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद पाइपलाइन परीक्षण, ओवरहेड टैंकों को भरने और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में अतिरिक्त समय लगेगा। ऐसे में कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति शुक्रवार सुबह तक बहाल होने की संभावना जताई जा रही है।

महापौर और निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण

कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए भोपाल की महापौर ****, एमआईसी सदस्य **** तथा नगर निगम आयुक्त **** ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित अमले को कार्य शीघ्र पूरा करने और जलापूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी पानी की सप्लाई

कोलार जल प्रदाय योजना के शटडाउन के कारण शहर के कई प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रह सकती है। इनमें शामिल हैं—

– नारियलखेड़ा और शाहजहांनाबाद
– डीआईजी बंगला क्षेत्र, सिंधी कॉलोनी और हमीदिया रोड
– मोती मस्जिद, बुधवारा और इतवारा
– 1100 क्वार्टर्स, शाहपुरा, त्रिलंगा और अरेरा कॉलोनी
– तुलसी नगर, शिवाजी नगर और चार इमली
– चूना भट्टी, नेहरू नगर और कोटरा सुल्तानाबाद
– एमपी नगर जोन-2
– गुलमोहर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र

नागरिकों से पानी का सीमित उपयोग करने की अपील

नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से आवश्यकतानुसार पानी का उपयोग करने और वैकल्पिक जल भंडारण की व्यवस्था रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूरा होते ही चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति बहाल की जाएगी ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।

Exit mobile version