एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, सावन भर होगा पौधरोपण

मदद फाउंडेशन की अध्यक्ष सुनंदा पहाड़े ने नागरिकों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की

भोपाल। बढ़ते पर्यावरणीय संकट और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती के बीच सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान के भाव से जोड़ना है।

मदद फाउंडेशन की अध्यक्ष सुनंदा पहाड़े ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान जैसी चुनौतियां पूरी मानवता के सामने हैं। ऐसे में यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

उन्होंने कहा कि “माँ हमें जीवन देती है और प्रकृति जीवन को संवारती है। इसलिए दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे सुंदर माध्यम एक पौधा लगाना और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना है।”

सुनंदा पहाड़े ने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं और बच्चों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि “माँ का आशीर्वाद और प्रकृति का साथ—यही उज्ज्वल भविष्य की पहचान है।”

उन्होंने बताया कि मदद फाउंडेशन द्वारा यह अभियान पूरे सावन माह के दौरान भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा। अभियान के तहत पौधरोपण के साथ-साथ वृक्ष संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

संस्था का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्था लंबे समय से हरियाली और स्वच्छता से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है।

भोपाल में मदद फाउंडेशन ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। संस्था की अध्यक्ष सुनंदा पहाड़े ने नागरिकों से अपनी मां के नाम पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

Exit mobile version