भोपाल रेल मंडल ने छह महीने में जारी किए 741 दिव्यांग रियायत कार्ड

कार्ड से किराए में छूट का लाभ, ई-टिकट पर भी मिलेगी सुविधा

भोपाल। दिव्यांग यात्रियों को रेल यात्रा में किराए की छूट देने के लिए भोपाल रेल मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में सितंबर तक 741 दिव्यांग रियायत कार्ड जारी किए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में मंडल ने कुल 1413 कार्ड जारी किए थे। रेलवे के अनुसार, इन कार्डों के माध्यम से पात्र दिव्यांग यात्रियों को नियमानुसार किराए में छूट और पात्रता के आधार पर परिचारक के साथ यात्रा की सुविधा मिलती है।

मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। कार्ड बनवाने के लिए आवेदकों को निर्धारित दस्तावेज ऑनलाइन जमा करने होते हैं। इनमें जिला चिकित्सा अधिकारी का चिकित्सा प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और जरूरत के अनुसार परिचारक संबंधी प्रमाण पत्र शामिल हैं।

आवेदन के लिए रेलवे की वेबसाइट https://divyangjanid.indianrail.gov.in पर दस्तावेज अपलोड करने होते हैं। सत्यापन के बाद कार्ड जारी किया जाता है और आवेदक को मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाती है।

कार्ड जारी होने के बाद इसकी जानकारी रेलवे के सॉफ्टवेयर में दर्ज कर दी जाती है। इससे पात्र यात्री टिकट बुक करते समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किराए में छूट का लाभ ले सकते हैं। यह सुविधा ई-टिकट पर भी उपलब्ध है।

दिव्यांग रियायत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए भोपाल रेल मंडल के दिव्यांग सेल से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9630951262 भी जारी किया गया है। रेलवे ने आवेदकों से फॉर्म में सही जानकारी भरने और सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने की अपील की है।

Exit mobile version