State

ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से बची महिला यात्री की जान, चलती अमरकंटक एक्सप्रेस में चढ़ते समय फिसला था पैर

भोपाल स्टेशन पर अभिषेक परसाई ने दिखाई सूझबूझ, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन मैनेजर की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक महिला यात्री की जान बच गई। घटना भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 की है, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान महिला यात्री का पैर फिसल गया था।

जानकारी के अनुसार, अमरकंटक एक्सप्रेस मंगलवार शाम करीब चार बजे भोपाल स्टेशन से पिपरिया के लिए रवाना हुई। इसी दौरान महिला यात्री सीमा ठाकुर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। ट्रेन गति पकड़ रही थी, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म से नीचे गिरने की स्थिति में पहुंच गईं।

ट्रेन मैनेजर ने तुरंत लगाया इमरजेंसी ब्रेक

इसी समय ट्रेन मैनेजर अभिषेक परसाई की नजर महिला यात्री पर पड़ी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और अपने ब्रेकवान से प्रेशर ड्रॉप कर ट्रेन को तुरंत रोक दिया। समय रहते ट्रेन रुक जाने से महिला यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।

ब्रेकवान में दिया प्राथमिक उपचार

घटना के बाद महिला यात्री को ट्रेन के ब्रेकवान में लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही घटना की जानकारी वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को दी गई। आगे की चिकित्सा सहायता के लिए इटारसी स्टेशन पर आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

रेलवे सुरक्षा में सतर्कता का उदाहरण

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन मैनेजर अभिषेक परसाई की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के कारण महिला यात्री की जान बचाई जा सकी। उनकी सूझबूझ ने न केवल एक बड़े हादसे को टाला, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और तत्परता का उदाहरण भी पेश किया।

रेलवे लगातार यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

Related Articles