दूरदर्शन पर 29 नवंबर से आएगी एनिमेटेड सीरीज ‘खेल खेल में’, छोटा भीम भी बनेगा बच्चों का मार्गदर्शक

क्रिकेट के जरिए युवाओं को दोस्ती, साहस, टीमवर्क और देश के विकास में योगदान का संदेश देगी 26 एपिसोड की सीरीज

नई दिल्ली। गली में क्रिकेट खेलने और भारतीय टीम की जर्सी पहनने का सपना देखने वाले बच्चों के लिए ग्रीन गोल्ड एनिमेशन नई एनिमेटेड सीरीज ‘खेल खेल में’ लेकर आ रहा है। इसका प्रसारण 29 नवंबर से दूरदर्शन नेशनल पर होगा। 26 एपिसोड की इस सीरीज में छोटा भीम तीन युवा क्रिकेटरों को खेल के साथ जीवन के महत्वपूर्ण सबक भी सिखाएगा।

सीरीज की कहानी बहादुरगढ़ के तीन युवाओं निपुण, अपराजिता और तेजस के इर्द-गिर्द घूमती है। निपुण प्रतिभाशाली रणनीतिकार है, लेकिन उसके पिता उसे क्रिकेट के बजाय सुरक्षित करियर चुनने की सलाह देते हैं। अपराजिता तेज गेंदबाज है, जो सामाजिक अपेक्षाओं और बाधाओं को चुनौती देती है। वहीं प्रतिभाशाली तेजस अपने खेल परिवार की पहचान से अलग अपनी योग्यता साबित करना चाहता है। क्रिकेट अकादमी में तीनों की मुलाकात के बाद उनकी प्रतिद्वंद्विता दोस्ती और टीमवर्क में बदलती है।

कहानी में छोटा भीम मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। वह युवाओं को साहस, ईमानदारी, सही फैसले लेने और एक-दूसरे का साथ देने की सीख देगा। क्रिकेट के रोमांच के साथ सीरीज में डिजिटल सेवाओं, विज्ञान, नवाचार, उद्यमिता और देश में बदलते अवसरों को भी दिखाया जाएगा।

ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक एवं सीईओ राजीव चिलाका के अनुसार, सीरीज का उद्देश्य बच्चों को यह समझाना है कि देश के लिए योगदान देना केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं है। किसान, शिक्षक, उद्यमी, वैज्ञानिक और आम नागरिक भी देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं।

ग्रीन गोल्ड एनिमेशन द्वारा केंद्रीय संचार ब्यूरो के लिए निर्मित इस सीरीज का प्रसारण रविवार 29 नवंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इसके 11-11 मिनट के दो एपिसोड हर रविवार दिखाए जाएंगे।

Exit mobile version