मलेरिया-डेंगू के इलाज और जांच की नई तकनीकों से अपडेट हुए डॉक्टर

एम्स के विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण, मरीजों की जटिलताओं और समय पर उपचार की दी जानकारी

भोपाल। मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के बेहतर निदान और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को होटल पलाश में मेडिकल ऑफिसर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। इसमें एम्स भोपाल के विशेषज्ञों ने डॉक्टरों को रोगों की पहचान, प्रयोगशाला जांच, उपचार और मरीजों के प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी।

प्रशिक्षण में एम्स के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अभिषेक सिंघई ने मलेरिया के संक्रमण, प्रसार और उपचार की जानकारी दी। माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति ने मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया और चिकनगुनिया की जांच, सैंपल लेने की प्रक्रिया और जरूरी सावधानियों के बारे में बताया। डॉ. हिमांगना मन्ना ने डेंगू मरीजों में होने वाली जटिलताओं और उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर मार्गदर्शन दिया।

राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंशुल उपाध्याय ने रोग नियंत्रण में मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका और नियमित निगरानी की जरूरत बताई। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अर्चना मिश्रा ने आईएचआईपी पोर्टल पर मरीजों की रियल टाइम रिपोर्टिंग और डेटा एंट्री की प्रक्रिया समझाई।

जिला मलेरिया अधिकारी स्मृता नामदेव ने भोपाल में इन बीमारियों की स्थिति और रोकथाम के लिए चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में संजीवनी क्लिनिक के चिकित्सक, खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर शामिल हुए। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से बीमारियों की समय पर पहचान, उचित उपचार और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version