सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और निर्वाचन आयोग की एसओपी के पालन की समीक्षा
भोपाल, 27 नवंबर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को भोपाल स्थित ईवीएम गोडाउन का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गोडाउन में ईवीएम के संधारण, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया और लॉजिस्टिक प्रबंधन का अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने मशीनों के रखरखाव और उनकी सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया।
इस अवसर पर जिला इलेक्शन सुपरवाइजर विनोद मेहरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने गोडाउन में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
