State

भोपाल के रोजीवे गांव में अवैध खनन मामले की जांच पूरी, रिपोर्ट आज एसडीएम को सौंपी जाएगी

समतलीकरण की अनुमति की आड़ में अवैध मिट्टी खनन का मामला, आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजी जाएगी रिपोर्ट

भोपाल। भोपाल जिले की हुजूर तहसील के ग्राम रोजीवे में समतलीकरण की अनुमति की आड़ में कथित अवैध मिट्टी खनन के मामले में जांच पूरी हो चुकी है। खनिज विभाग द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट सोमवार को एसडीएम विनोद सोनकिया को सौंपी जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को भेजी जाएगी।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की थी। जांच के दौरान खनन स्थल का निरीक्षण कर अनुमति की शर्तों और वास्तविक स्थिति का मिलान किया गया। विभाग ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे अब प्रशासन को सौंपा जाएगा।

44 घनमीटर मिट्टी की अनुमति, लेकिन अवैध खदान संचालित होने का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूमि स्वामी हरिचरण ने समतलीकरण के उद्देश्य से 44 घनमीटर अतिरिक्त मिट्टी निकालने और बेचने की अनुमति खनिज विभाग से प्राप्त की थी। हालांकि शिकायतों में आरोप लगाया गया कि इस अनुमति का दुरुपयोग करते हुए वहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया और स्थल पर खदान जैसी गतिविधियां संचालित होने लगीं।

शिकायत के अनुसार, करीब 30 फीट गहराई तक खुदाई कर लाखों रुपये मूल्य की मिट्टी निकाली और बेची गई। इन आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर किया जाएगा।

शिकायत के बाद प्रशासन ने की थी कार्रवाई

मामले की शिकायत मिलने पर हुजूर तहसीलदार शुभम जैन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। निरीक्षण के दौरान अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे डंपर और दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया गया था। इसके बाद खनिज विभाग को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए थे।

रिपोर्ट के आधार पर होगा अगला फैसला

अब खनिज विभाग की जांच रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से कलेक्टर को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों और निष्कर्षों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमों और अन्य लागू प्रावधानों के तहत क्या प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में अनुमति की शर्तों के उल्लंघन या अवैध खनन की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles