स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: महापौर मालती राय ने बैकलेन सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

भोपाल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर निगम की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महापौर मालती राय ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 69 के पंजाबी बाग क्षेत्र का दौरा कर बैकलेन की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।

महापौर ने क्षेत्र में बनाई गई वाल पेंटिंग्स और स्वच्छता संबंधी संदेशों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी बैकलेन को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखा जाए और अन्य स्थानों पर भी पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी आकर्षक वाल पेंटिंग्स बनाई जाएं।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद एवं जोन अध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

नागरिक सहभागिता पर विशेष जोर

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों, विशेषकर बैकलेन और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों और गलियों में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन जैसी कार्रवाई भी जारी रहेगी।

महापौर ने दुकानदारों और नागरिकों को कचरा पृथक्कीकरण के लिए प्रेरित करने तथा दुकानों पर डस्टबिन रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देकर ही स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है।

“भोपाल को फिर नंबर-1 बनाने” का लक्ष्य

महापौर मालती राय ने कहा कि नगर निगम लगातार स्वच्छता गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहा है और नागरिक सहयोग से भोपाल को एक बार फिर देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत बैकलेन सुधार, कचरा प्रबंधन, नागरिक जागरूकता और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Exit mobile version