भोपाल । कलाव्योम फाउंडेशन द्वारा आयोजित मासिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार शाम भोपाल में लोकसंगीत और संस्कृति का विशेष आयोजन किया जाएगा। शहर के बाग मुगलिया स्थित कुबेर बैंक्विट में शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रसिद्ध लोकगायक कालूराम बामनिया अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे।
यह आयोजन अक्षदा सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं समरज्ञ कबीर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मालवा और निमाड़ की लोकधुनों, कबीर गायन और पारंपरिक संगीत की झलक देखने को मिलेगी।
कलाव्योम फाउंडेशन के आलोक शर्मा के अनुसार संस्था द्वारा हर माह सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कला विधाओं पर आधारित आयोजन किए जाएंगे। इस श्रृंखला के माध्यम से लोककला, संगीत, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध पुरातत्वविद् एवं पद्मश्री सम्मान हेतु चयनित डॉ. नारायण व्यास करेंगे, जबकि चिंतक एवं विचारक डॉ. अमोघ गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भोपाल के कला और संगीत प्रेमियों के लिए यह आयोजन लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत को करीब से अनुभव करने का विशेष अवसर माना जा रहा है।
भोपाल में आज सजेगी लोकसंगीत की महफिल, पद्मश्री कालूराम बामनिया देंगे विशेष प्रस्तुति
