भोपाल के ग्राम खजूरी कलां के किसानों ने हल्का नंबर 100, तहसील एम.पी. नगर (वृत्त) में पदस्थ पटवारी किशन सिंह जादौन के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि संबंधित पटवारी प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलीभगत कर किसानों के राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी और परेशानियां पैदा कर रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पटवारी ग्राम पंचायत या चौपाल में बैठकर कार्य करने के बजाय एक निजी प्रॉपर्टी फर्म “श्रीराम रियल एसोसिएट्स” के कार्यालय से काम करते हैं। किसानों के अनुसार इससे क्षेत्र में राजस्व कार्यों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि खसरा, खतौनी, नामांतरण और सीमांकन जैसे मामलों में आम लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि प्रॉपर्टी डीलरों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई मामलों में जानबूझकर रिकॉर्ड में त्रुटियां की जा रही हैं या फाइलें लंबित रखी जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब किसान कार्य में देरी का कारण पूछते हैं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। साथ ही कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में निजी दलालों को लाभ पहुंचाने के लिए राजस्व प्रक्रियाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित पटवारी को तत्काल हटाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पिछले छह महीनों में हुए नामांतरण और जमीन रजिस्ट्री रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग भी की गई है, ताकि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई हो तो उसका खुलासा हो सके।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और किसानों की शिकायतों की जांच किस स्तर पर कराई जाती है।
भोपाल में पटवारी पर किसानों ने लगाए भ्रष्टाचार और प्रॉपर्टी डीलरों से सांठगांठ के आरोप
