भोपाल/बालाघाट। मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच बालाघाट जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे 16 ग्रामीणों को पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। यह रेस्क्यू अभियान थाना किरनापुर क्षेत्र के ग्राम भानपुर में चलाया गया, जहां अचानक बढ़े जलस्तर के कारण ग्रामीण चारों ओर से बाढ़ के पानी में घिर गए थे।
खेतों में काम करने गए थे ग्रामीण
पुलिस के अनुसार, ग्राम भानपुर के करीब 16 ग्रामीण कृषि कार्य के लिए खेतों में गए थे। इसी दौरान लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते जलमग्न हो गए। पानी का बहाव बढ़ने से ग्रामीण सुरक्षित वापस नहीं लौट सके और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंस गए।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ संयुक्त रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही थाना किरनापुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना हट्टा पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स की टीम के साथ संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया।
तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचकर सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। समय पर किए गए इस अभियान के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील
मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि लगातार वर्षा के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। खेतों या अन्य स्थानों पर जाने से पहले मौसम और जलस्तर की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नागरिकों से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग नहीं करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की गई है।
24 घंटे सतर्क है मध्यप्रदेश पुलिस
मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा कि बारिश और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियां 24×7 सतर्क हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।