State

भोपाल में अतिक्रमण पर सख्ती: न्यू मार्केट में दो ट्रक सामान जब्त, छोला में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

भोपाल। राजधानी में गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर निगम ने दो स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गोविंदपुरा तहसील के छोला रोड स्थित प्रेम नगर फेज-2 में अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया, जबकि न्यू मार्केट में अतिक्रमण हटाते हुए दो ट्रक सामान जब्त किया गया।

प्रेम नगर फेज-2 में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसीपी) और रेरा की अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अभियान की निगरानी के लिए गठित विशेष सेल के प्रभारी एडीएम सुमित कुमार पांडे के निर्देशन में कार्रवाई की जा रही है।

न्यू मार्केट में अतिक्रमण हटाने का अभियान

नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र भदौरिया के नेतृत्व में न्यू मार्केट में सुबह से अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ और दुकानों के सामने रखे हाथ ठेले, टेबल और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। हनुमान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दुकानों के सामने रखा सामान जब्त किया गया।

इसके बाद सबवे में कपड़े, जूते, मोजे और अन्य वस्तुएं बेच रहे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रक सामान जब्त किया गया।

नगर निगम के अनुसार, रक्षाबंधन के दौरान न्यू मार्केट में खरीदारों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने से पैदल आवागमन सुगम होगा और विशेष रूप से महिलाओं सहित आम नागरिकों को खरीदारी में सुविधा मिलेगी।

एडीएम सुमित कुमार पांडे ने कहा, “शहर के सुनियोजित विकास को प्रभावित करने वाली अवैध प्लॉटिंग और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”

Related Articles