State

आगामी त्योहारों से पहले मिलावट पर सख्ती, भोपाल में डेयरियों से दूध, घी और पनीर के 11 नमूने जांच के लिए लिए गए

भोपाल, 24 जुलाई। आगामी त्योहारों और सावन माह के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने राजधानी भोपाल में विशेष सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर भोपाल के निर्देश पर विभिन्न डेयरियों और दुग्ध उत्पाद विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, घी, पनीर, दही, मावा और मिक्स मिल्क सहित कुल 11 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

जांच अभियान के तहत कोलार क्षेत्र के साईनाथ नगर स्थित जय श्री कृष्णा दुग्ध डेयरी से दूध का नमूना लिया गया। वहीं एमपी नगर जोन-1 स्थित पंजाब डेयरी से घी और पनीर के दो नमूने तथा न्यू मार्केट स्थित पंजाब डेयरी से दही, मावा और पनीर के तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

इसके अलावा कोलार रोड के गिरधर परिसर स्थित गुड मॉर्निंग एंटरप्राइजेज डेयरी से दही, पनीर और मिक्स मिल्क के तीन नमूने लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह विशेष अभियान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुणेश पटेल, साधना सक्सेना और जेपी लववंशी द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Related Articles