State

विदिशा और सांची स्टेशन पर चार प्रमुख ट्रेनों का ठहराव जारी रहेगा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

लवे प्रशासन ने बढ़ाई प्रायोगिक ठहराव अवधि, धार्मिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्राओं को मिलेगा लाभ

भोपाल। यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विदिशा और सांची रेलवे स्टेशनों पर चार महत्वपूर्ण लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रायोगिक ठहराव की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से विदिशा, सांची तथा आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इन ट्रेनों का ठहराव पूर्व में प्रायोगिक आधार पर स्वीकृत किया गया था। यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग को देखते हुए अब इनका ठहराव आगामी आदेश तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

इन ट्रेनों का बढ़ाया गया ठहराव

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार:

– गाड़ी संख्या 12629 यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विदिशा स्टेशन पर ठहराव 31 जून 2026 से आगामी आदेश तक जारी रहेगा।
– गाड़ी संख्या 12630 हजरत निजामुद्दीन–यशवंतपुर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विदिशा स्टेशन पर ठहराव 30 जून 2026 से आगामी आदेश तक रहेगा।
– गाड़ी संख्या 16031 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस का सांची स्टेशन पर ठहराव 28 जून 2026 से आगामी आदेश तक जारी रहेगा।
– गाड़ी संख्या 16032 चेन्नई सेंट्रल–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का सांची स्टेशन पर ठहराव भी 28 जून 2026 से आगामी आदेश तक रहेगा।

क्षेत्रीय यात्रियों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि इन ट्रेनों के ठहराव से विदिशा और सांची क्षेत्र के यात्रियों को दक्षिण भारत, दिल्ली और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, व्यापार और रोजगार से जुड़े यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

विशेष रूप से विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल सांची आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी बेहतर रेल संपर्क का लाभ प्राप्त होगा। वहीं विदिशा क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।



Related Articles