21 बेड की नई सुविधा से मरीजों को मिलेंगी वैज्ञानिक आधार पर आयुर्वेद उपचार सेवाएं
भोपाल, 29 जून 2026।
आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के समन्वय की दिशा में एम्स भोपाल ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान के आयुष विभाग में अत्याधुनिक आयुर्वेद डे केयर सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन एम्स भोपाल के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार महापात्र ने किया।
नई आयुर्वेद डे केयर यूनिट में 21 डे केयर बेड स्थापित किए गए हैं। इसके माध्यम से मरीजों को आरामदायक वातावरण में वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित आयुर्वेदिक उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर समग्र स्वास्थ्य देखभाल की सुविधा मिल सकेगी।
आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा के समन्वय पर जोर
उद्घाटन अवसर पर प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार महापात्र ने कहा कि मरीजों को अधिक प्रभावी, समग्र और रोगी-केंद्रित उपचार उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक चिकित्सा के साथ पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय वर्तमान समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद जैसी प्राचीन चिकित्सा प्रणाली को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने एम्स भोपाल में गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद सेवाओं के विस्तार के लिए आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना की।
धन्वंतरि पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक धन्वंतरि पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद एम्स भोपाल अध्यक्ष ने नवनिर्मित आयुर्वेद डे केयर सुविधा का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर संस्थान के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर, डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी, उप निदेशक (प्रशासन) संदेश कुमार जैन, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता सहित संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
ध्यान सत्र में मानसिक स्वास्थ्य पर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार महापात्र ने आयुष विभाग की ओर से आयोजित गाइडेड मेडिटेशन सत्र में भी भाग लिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए ध्यान एवं मन-शरीर आधारित पद्धतियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केवल शारीरिक उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन भी व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
एम्स भोपाल की नई आयुर्वेद डे केयर सुविधा संस्थान में एकीकृत चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस सुविधा के माध्यम से मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के साथ आयुर्वेद आधारित उपचार विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
एम्स भोपाल लगातार चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं में नई पहल करते हुए मरीजों को बेहतर और व्यापक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।