भोपाल। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB), पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा Interoperable Criminal Justice System (ICJS) Implementation and Digital Integration विषय पर रविवार 28 जून को एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का आयोजन भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा।
कार्यशाला का आयोजन पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो श्री जयदीप प्रसाद के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री संजीव एस. कलगांवकर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
पुलिस, न्यायालय और अन्य विभागों के बीच डिजिटल समन्वय पर चर्चा
इस राज्य स्तरीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ICJS के माध्यम से पुलिस, अभियोजन, न्यायालय, जेल, फॉरेंसिक और स्वास्थ्य विभाग के बीच डिजिटल समन्वय एवं डेटा इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है।
कार्यशाला में ICJS के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों, वर्तमान डिजिटल प्रणाली की कमियों और उनके समाधान के लिए आवश्यक रणनीति पर विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
सभी जिलों से अधिकारी होंगे शामिल
कार्यशाला में ICJS के विभिन्न स्तंभों से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रत्येक जिले से न्यायाधीश, अभियोजन अधिकारी, जेल विभाग, फॉरेंसिक एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में तकनीकी विषयों पर चर्चा के लिए विशेषज्ञ वक्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें , फॉरेंसिक एवं साइबर विशेषज्ञ तथा भोपाल के श्री सुनील जैन शामिल हैं।
विशेषज्ञों द्वारा ICJS के विभिन्न तकनीकी पहलुओं, डिजिटल डेटा प्रबंधन और एकीकृत आपराधिक न्याय प्रणाली से जुड़े विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
नए आपराधिक कानूनों के डिजिटल क्रियान्वयन की दिशा में कदम
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के अनुसार, यह कार्यशाला प्रदेश में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी, डिजिटल और एकीकृत क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित न्याय प्रक्रिया को मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे।