सुरखी विधानसभा में कांग्रेस को झटका, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया समर्थकों सहित भाजपा में शामिल
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
भोपाल। सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समक्ष मातेश्वरी निवास पहुंचकर भाजपा का दामन थामा।
इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न क्षेत्रों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ जुड़ने का दावा
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के सिद्धांतों पर आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर सुरखी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी का साझा संकल्प विकास की विचारधारा के साथ आगे बढ़ते हुए क्षेत्र, प्रदेश और राष्ट्र के विकास में योगदान देना होना चाहिए।
भाई लालमिया बोले- क्षेत्र के विकास के लिए करेंगे काम
भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और विकास की सोच से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि वे अपने समर्थकों के साथ भाजपा संगठन को मजबूत करने और सुरखी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी मेहनत से कार्य करेंगे।
कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला प्रभारी सलीम रंगरेज, पम्मा कुरैशी, नगर परिषद उपाध्यक्ष जहीर कुरैशी, भाजपा पार्षद नईम मंसूरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शामिल नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं ने भाजपा की विचारधारा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।