भोपाल, 11 नवंबर. संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कार्यालय में बुधवार को समीक्षा बैठक की. बैठक में संभाग के सभी जिलों में अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि आम लोगों और शासकीय कर्मचारियों से जुड़े इन मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए विशेष अभियान चलाकर समय-सीमा में कार्रवाई की जाए. बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों, लोकसेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों और आयुक्त कार्यालय की विकास शाखा में लंबित मामलों की समीक्षा की गई. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करें. उन्होंने जिले में राजस्व और लोकसेवा गारंटी से जुड़े मामलों की अधिक संख्या पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर प्रभावी कार्ययोजना बनाएं, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके.
अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन के लंबित मामलों का जल्द करें निराकरण : शर्मा
