10 दिन में प्रदेशभर में 1.13 करोड़ की चोरी की संपत्ति जब्त, कई जिलों में आरोपियों की धरपकड़

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले 10 दिनों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों से 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, वाहन, मोटर पंप, लोहे के पाइप और इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।

टीकमगढ़ के कुड़ीला थाना पुलिस ने पाइप चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो वाहनों सहित करीब 58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। झाबुआ के पेटलावद में दंपति से मारपीट कर लूटपाट करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 18.52 लाख रुपये के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की गई।

ग्वालियर के भितरवार में चोरी के जेवर खरीदने वाले व्यक्ति सहित दो आरोपियों को पकड़कर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए। खरगोन में दो चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आठ लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में एक पर इंदौर, खंडवा, विदिशा और खरगोन में पहले से 33 अपराध दर्ज हैं।

छतरपुर में दो अलग-अलग मामलों में करीब 5.50 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए। जीआरपी भोपाल ने ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पकड़कर आईफोन, आईपैड और अन्य उपकरण सहित 2.63 लाख रुपये का सामान जब्त किया। जीआरपी ग्वालियर ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच मामलों में 1.28 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

इसके अलावा मुरैना में चोरी के मामले में 3.27 लाख रुपये नकद, सागर में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान, पिपरिया में टैबलेट, खंडवा में सात मोटर पंप और कटनी में चोरी की संपत्ति बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, कई मामलों में वारदात का खुलासा 10 घंटे से लेकर पांच दिन के भीतर किया गया।

पुलिस ने नागरिकों से घरों और दुकानों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है।

Exit mobile version