सीएम के विदेश दौरे से पहले हो सकती है बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, आईएएस-आईपीएस के तबादलों पर मंथन

नए डीजीपी के चयन के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में होगी अहम बैठक, 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे

भोपाल। मध्यप्रदेश में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अंतिम दौर का मंथन चल रहा है। मुख्यमंत्री के विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किए जाने की संभावना है। इसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं।

इधर, प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के चयन की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। नए डीजीपी के नाम पर चर्चा के लिए 20 नवंबर को दोपहर 3 बजे दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें यूपीएससी के चेयरमैन के अलावा मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला और वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाणा शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने डीजीपी पद के लिए 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे हैं। इनमें से तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। दिल्ली में होने वाली बैठक में इसी पैनल के तीन नामों पर विचार के बाद एक अधिकारी का चयन किया जाएगा। नए डीजीपी के चयन के साथ ही प्रदेश में पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।

Exit mobile version