भोपाल। शादी के बाद यदि आपका निवास स्थान बदल गया है या 18 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद भी मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं हुआ है, तो अब इसे अपडेट कराने का मौका है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मध्यप्रदेश में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) शुरू किया जा रहा है। इसके तहत नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में जरूरी संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने लोगों से मतदाता सूची में अपना विवरण जांचने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर उन महिलाओं से आवेदन करने को कहा है, जिनका शादी के बाद निवास स्थान बदल गया है। ऐसे मतदाता अपने नए पते के अनुसार विवरण अपडेट करा सकते हैं।
सारिका घारू ने बताया कि मतदाता घर बैठे ईसीआईनेट (ECINET) एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
दावे और आपत्तियों के निराकरण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम और पता सही कराने की अपील की।
