State

महाप्रबंधक की पीएनएम बैठक में रेल कर्मचारियों के मुद्दों पर गंभीर मंथन, कई मांगों पर बनी सहमति

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे में रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं के विस्तार को लेकर 15 एवं 16 जुलाई 2026 को आयोजित महाप्रबंधक पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक में व्यापक चर्चा हुई। बैठक में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने कर्मचारी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

संघ के जोनल मीडिया कोऑर्डिनेटर रोमेश चौबे के अनुसार, संघ के अध्यक्ष सी.एम. उपाध्याय और महामंत्री अशोक शर्मा ने महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के समक्ष कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी। बैठक में मेडिकल डी-कैटेगराइज्ड कर्मचारियों, अनुकंपा नियुक्ति, महिला ट्रैक मेंटेनर्स के कैडर परिवर्तन, ट्रैक मशीन स्टाफ के लिए 25 प्रतिशत एलडीसी कोटा, म्यूचुअल ट्रांसफर और लंबित पदस्थापन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने, टीटीई रेस्ट हाउस की स्थिति सुधारने तथा वहां वातानुकूलित (एसी) सुविधा उपलब्ध कराने जैसे कर्मचारी हितैषी प्रस्तावों पर भी सकारात्मक सहमति बनी।

सुविधाओं के विस्तार पर कई अहम प्रस्ताव

महाप्रबंधक के साथ हुई चर्चा में श्वेतांबरी रेस्ट हाउस के कमरों की संख्या एवं सुविधाएं बढ़ाने, इटारसी में नए टीटीई रेस्ट हाउस के निर्माण, कोटा में एसी शेड बनाने तथा भोपाल में एपीएसओ का पद सृजित करने की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।

इसके अलावा कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा जूते उपलब्ध कराने, रनिंग स्टाफ के ओवर-ऑवर्स कार्य की समस्या, एसएंडटी कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार तथा ओवरटाइम (ओटी) भत्ते से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में वर्कशॉप की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान तथा जीडीसीई एवं एलडीसी परीक्षाएं समय पर आयोजित कराने पर सहमति बनी।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस

बैठक में आकस्मिक रेफरल सुविधा, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, डिस्पेंसरी और महाप्रबंधक कार्यालय में एसी लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। वहीं अब्दुल्लागंज इंजीनियरिंग डिपो, रेलवे क्वार्टरों के रखरखाव, सफाई व्यवस्था में सुधार, धूल प्रदूषण नियंत्रण के लिए इंडस्ट्रियल एग्जॉस्ट सिस्टम लगाने तथा फिजियोथेरेपिस्ट के रिक्त पद भरने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

संघ ने स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने, दमोह एवं निवास रोड रनिंग रूम की व्यवस्थाओं में सुधार, खिलाड़ियों को समय पर रिलीव करने और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की मांग भी रखी। बैठक में बिजली उपकरणों की उपलब्धता और नए कार्यों के लिए आवश्यक पद सृजन पर भी विचार किया गया, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता और कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

Related Articles