
भोपाल। नगर निगम ने ‘सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत शनिवार को शहर के सभी जोन क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और वार्डों में व्यापक साफ-सफाई के साथ नागरिकों एवं व्यवसायियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 मामलों में कार्रवाई करते हुए 11,100 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत वार्डों, बाजारों और हॉकर्स कॉर्नर में लोगों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरा पृथक-पृथक देने की समझाइश दी गई। साथ ही नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने और बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करते हुए स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के दौरान शहर में गंदगी फैलाने, पॉलीथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने, सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट फैलाने तथा संपत्ति विरूपण करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग करें, निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने से बचें। निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।






