भाजपा भोपाल नगर की संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा

रविंद्र यति ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटने का किया आह्वान

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी भोपाल नगर की संगठनात्मक बैठक बुधवार को पंडित दीनदयाल परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के मीडिया सेंटर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा भोपाल नगर जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने की। इसमें आगामी कार्यकर्ता सम्मेलन, बूथ स्तर पर चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण अभियान और 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ संगठनात्मक बैठक की शुरुआत हुई।

हर कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी: रविंद्र यति

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यक्रम संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को टीम भावना के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही बूथ स्तर पर चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की प्रगति और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

यति ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को अनुशासन, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ सफल बनाएं।

मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत: जसवंत सिंह हाड़ा

बैठक में जिला संगठन प्रभारी एवं पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के कार्यों को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है।

बैठक में पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत, कार्यक्रम टोली संयोजक राजकुमार विश्वकर्मा सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश राय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आशा पोरोचे ने किया।

Exit mobile version