धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा, एक माह में 100% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

भोपाल, 22 जुलाई। संभागीय कार्यालय में बुधवार को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एक माह के भीतर सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर भोपाल संभाग को इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश का पहला संभाग बनाया जाए।

संभागायुक्त ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आदिवासी समुदायों का समग्र सामाजिक और आर्थिक विकास सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन किया जा रहा है।

भोपाल संभाग में इस योजना के अंतर्गत कुल 277 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल जिले का 1 ग्राम, विदिशा के 86, सीहोर के 80, रायसेन के 92 और राजगढ़ के 18 ग्राम शामिल हैं।

बैठक में बताया गया कि अभियान में 17 विभागों की योजनाओं को एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से आदिवासी गांवों में सड़क, पक्के आवास, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही सिकल सेल रोग की जांच और परामर्श, दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, आजीविका और उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि आदिवासी युवाओं और महिलाओं की आय बढ़े तथा वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

Exit mobile version