State

राजा भोज एयरपोर्ट पर विमान सुरक्षा को लेकर समीक्षा, आसपास के क्षेत्र में खुले में मांस बिक्री पर रोक के निर्देश

एयरफील्ड एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में वन्यजीव जोखिम, अपशिष्ट प्रबंधन और लेजर बीम जैसे मुद्दों पर हुआ मंथन

भोपाल। राजा भोज विमानतल पर विमान संचालन की सुरक्षा को लेकर बुधवार को एयरफील्ड एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने की। इसमें विमान परिचालन को प्रभावित करने वाले पर्यावरणीय और परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में एयरपोर्ट निदेशक आलोक त्रिपाठी ने सुरक्षित विमान संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा मानकों, संभावित जोखिमों और उनके प्रबंधन को लेकर जानकारी साझा की।

ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस और पक्षी जोखिम पर चर्चा

बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस, वन्यजीव एवं पक्षी जोखिम प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, एयरपोर्ट के आसपास भूमि उपयोग और विमानन सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अन्य विषय शामिल रहे।

अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की गतिविधियां विमान संचालन के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं, इसलिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी जरूरी है।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि विमानन सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी संबंधित विभागों का साझा दायित्व है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन के लिए निरंतर समन्वय और सक्रिय सहयोग पर जोर दिया।

एयरपोर्ट क्षेत्र में खुले में मांस बिक्री और फेंकने पर रोक

बैठक में एयरपोर्ट के आसपास खुले में मांस बेचने और मांस अपशिष्ट फेंकने की गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, ऐसी गतिविधियों से पक्षियों की संख्या बढ़ सकती है, जिससे विमान संचालन के दौरान बर्ड हिट का खतरा बढ़ता है।

इसके अलावा विमान संचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के आसपास 5 किलोमीटर क्षेत्र में लेजर बीम के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की बात भी दोहराई गई। लेजर लाइट की सीधी किरणें पायलट की दृष्टि प्रभावित कर सकती हैं, जिससे उड़ान सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति जताई।

Related Articles