भोपाल, 13 जुलाई। पुलिस आईटीआई जहांगीराबाद में सोमवार को जिला कौशल समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) इला तिवारी ने की।
सीईओ इला तिवारी ने कहा कि युवाओं को वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और उद्योगों की मांग के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सतगढ़ी में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आसपास के आईटीआई संस्थानों में नए ट्रेड शुरू किए जाएं और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही उद्योगों का सर्वे कर स्किल गैप एनालिसिस कराने तथा प्रशिक्षणार्थियों के नियमित इंडस्ट्री विजिट सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
बैठक में एआईजी एवं प्राचार्य अंशुमन अग्रवाल, प्राचार्य विवेक सिंह, सपना तिवारी सहित जिला कौशल विकास, उद्योग विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
