State

गुरुवार से फिर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध निर्माण और सड़क चौड़ीकरण में बाधक कब्जों पर कार्रवाई

हुजूर और बैरागढ़ में चल रही कार्रवाई के बाद अब टीटी नगर, गोविंदपुरा और कोलार पर प्रशासन की नजर

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान तेज होने जा रहा है। गुरुवार से एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसमें अवैध निर्माणों के साथ-साथ सड़क चौड़ीकरण में बाधक बने अतिक्रमणों को हटाया जाएगा।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर हुजूर क्षेत्र में एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, अब तक दो दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

वहीं बैरागढ़ क्षेत्र में हाईवे चौड़ीकरण के चलते तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में कई स्थानों पर दुकान, मकान, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए गए हैं। बैरागढ़ तहसील क्षेत्र में मंगलवार को प्रस्तावित कार्रवाई अब गुरुवार को की जाएगी।

पुलिस बल की कमी से रुकी कार्रवाई

शहर के टीटी नगर, गोविंदपुरा और कोलार क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की योजना है, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण कई कार्रवाई फिलहाल लंबित हैं। प्रशासन की योजना सड़क चौड़ीकरण और सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने की है।

कैचमेंट एरिया में रसूखदारों के निर्माणों पर कार्रवाई का इंतजार

राजधानी की बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में टीटी नगर क्षेत्र में कई बड़े निर्माण मौजूद हैं। इनमें होटल, रेस्टोरेंट और निजी भवन शामिल हैं। प्रशासन ने फरवरी माह में यहां सीमांकन की कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बाद भी कई बड़े निर्माणों पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने को लेकर निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अब तक इस क्षेत्र में मुख्य रूप से दुकानों, झुग्गियों और टीन शेड वाले अस्थायी निर्माणों को ही हटाया गया है।

इसी तरह कलियासोत डैम के कैचमेंट एरिया में प्रशासन ने करीब दो दर्जन डेयरियों और अन्य अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाईं झुग्गियां

गोविंदपुरा क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण के लिए झुग्गियों को हटाया गया है। इसके अलावा मई माह में अर्जुन नगर बस्ती की 38 झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई की गई थी।

वहीं क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के विकसित होने की शिकायतें लगातार जनसुनवाई में पहुंच रही हैं। प्रशासन ने ऐसी कॉलोनियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।

113 अवैध कॉलोनियां चिह्नित, हुजूर और बैरसिया में सबसे ज्यादा

प्रशासन ने राजधानी में करीब 113 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित किया है। इनमें सबसे अधिक संख्या हुजूर और बैरसिया क्षेत्र में सामने आई है। बिना अनुमति विकसित की गई इन कॉलोनियों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।

कोलार तहसील के ग्राम कजलीखेड़ा में सड़क चौड़ीकरण में बाधक बनीं 33 झुग्गियों और मकानों को जून माह में हटाया गया था। वहीं मई में बावड़िया कलां क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।

अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए कॉलोनी सेल गठित

अवैध कॉलोनियों से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए प्रशासन ने कॉलोनी सेल का गठन किया है। इस सेल की जिम्मेदारी एडीएम सुमित कुमार पांडेय को दी गई है। उनकी निगरानी में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर ने कहा- अवैध कॉलोनियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर कार्रवाई के लिए सेल गठित किया गया है। सेल के माध्यम से शहर में जहां भी अवैध कॉलोनियां विकसित की गई हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें हटाया जाएगा।

Related Articles