भोपाल में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान: 5 जर्जर मकान खाली कराए, 2 ब्लॉक तोड़े

भोपाल नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए अवैध चबूतरे, ठेले, पान पार्लर और फुटपाथ से कब्जे हटाए। जिला प्रशासन के साथ मिलकर 5 जर्जर मकान खाली कराकर 2 ब्लॉक भी ध्वस्त किए।

भोपाल में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, 5 जर्जर मकान खाली कराए, 2 ब्लॉक किए ध्वस्त

भोपाल। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ भोपाल नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए। साथ ही जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जवाहर चौक स्थित सुनेहरी बाग क्षेत्र में पांच जर्जर मकानों को खाली कराकर दो ब्लॉकों को पोकलेन मशीन से ध्वस्त किया गया।

कई इलाकों में हटाए गए अतिक्रमण

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की।

इस दौरान कोलार चूना भट्टी, राहुल नगर, मैनिट चौराहा, नेहरू नगर, रविशंकर मार्केट, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 और 3, जवाहर चौक, सेकंड स्टॉप, रेतघाट, रविंद्र भवन, जहांगीराबाद, एमपी नगर, गुलमोहर, होशंगाबाद रोड, आशिमा मॉल, बागसेवनिया, बावड़िया कला, रायसेन रोड, पुष्पा नगर, अशोका गार्डन, भोपाल टॉकीज, सिंधी कॉलोनी, ईदगाह हिल्स, हमीदिया अस्पताल, संत हिरदाराम नगर, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित अनेक क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

अवैध चबूतरे और नालियों पर कब्जे हटाए

कार्रवाई के दौरान संत हिरदाराम नगर दीनदयाल कॉलेज तथा ईदगाह हिल्स क्षेत्र में नालियों पर बने अवैध चबूतरे हटाए गए। वहीं कोलार चूना भट्टी, पुष्पा नगर और राहुल नगर रोज मैरी स्कूल क्षेत्र में नालियों पर रखी अवैध फर्शियां हटाकर रास्ता साफ कराया गया।

सड़क पर खड़े वाहन भी हटाए गए

सेकंड स्टॉप क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे 10 चारपहिया वाहनों और 10 लोडिंग ऑटो को हटाया गया।

इसके अलावा फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर लगी सब्जी की दुकानें, ठेले, गुमटियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, टेबल और कुर्सियां हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कई सामान किए गए जब्त

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान 5 ठेले, 1 पान पार्लर, 2 लोहे की बेंच, 1 लोहे का पिंजरा, 2 लोहे के पल्ले और 1 प्लास्टिक स्टूल सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

जर्जर मकानों पर भी कार्रवाई

नगर निगम ने जिला प्रशासन के सहयोग से जवाहर चौक के सुनेहरी बाग क्षेत्र में स्थित 5 जर्जर मकानों को खाली कराया। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से दो ब्लॉकों को पोकलेन मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version