सीहोर रेलवे स्टेशन पर इंदौर–जबलपुर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
भोपाल/सीहोर। सीहोर जिले के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू हो गई है। ट्रेन संख्या 22191/22192 इंदौर–जबलपुर–इंदौर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित ठहराव अब सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ हो गया है। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, यह सुविधा क्षेत्र के यात्रियों को मालवा और महाकौशल के बीच तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
नए स्टॉपेज के शुभारंभ अवसर पर सांसद आलोक शर्मा और सीहोर विधायक सुदेश राय ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जिला प्रभारी विकास वीरानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल अरोड़ा, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, वरिष्ठ भाजपा नेता सन्नी महाजन, रतलाम मंडल के एडीआरएम कुंजीलाल मीणा, वरिष्ठ डीईएन महेंद्र सिंह, रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद बोले—सीहोर को बेहतर रेल सुविधाएं देना प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीहोर जिले को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से रेलवे मंत्रालय के समक्ष जिले की मांगों को लगातार रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंदौर–जबलपुर ओवरनाइट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का यह नया ठहराव उनके लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है, जिससे जिले के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
पहले भी मिली थीं नई रेल सुविधाएं
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि उनके प्रयासों से इससे पहले 23 फरवरी से बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर तथा अहमदाबाद–गोरखपुर के बीच संचालित दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव भी सीहोर रेलवे स्टेशन पर शुरू कराया गया था। इससे यात्रियों को प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध हुआ।
विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था से इंदौर, सीहोर और जबलपुर के बीच यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों तथा अन्य यात्रियों को सीधी और तेज रेल सेवा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही मालवा और महाकौशल क्षेत्र के बीच संपर्क और आवागमन भी मजबूत होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने इस नई रेल सुविधा के लिए सांसद आलोक शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सीहोर जिले को नई रेल सेवाओं और अतिरिक्त सुविधाओं का लाभ मिलता रहेगा।