भोपाल. बैरसिया तहसील की ग्राम पंचायत उनीदा में स्वामित्व योजना के तहत सभी पात्र परिवारों की संपत्तियों की रजिस्ट्री का काम पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही ग्रामीणों को उनके मकान और आवासीय भूमि का वैधानिक अधिकार मिल गया है. ड्रोन सर्वे के माध्यम से संपत्तियों का चिह्नांकन कर दस्तावेज तैयार किए गए और पात्र परिवारों को संपत्ति कार्ड व रजिस्ट्री उपलब्ध कराई गई. स्वामित्व योजना के तहत गांवों की आबादी भूमि का ड्रोन से सर्वे कर संपत्तियों का रिकॉर्ड तैयार किया जाता है. इससे ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का कानूनी दस्तावेज मिलता है. इसके आधार पर संपत्ति विवादों में कमी आने और बैंक से ऋण लेने के अवसर बढऩे की संभावना रहती है.
-संभाग के 112 गांवों में काम पूरा
10 नवंबर की स्थिति में संभाग के पांच जिलों भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा और सीहोर में योजना के तहत 5 लाख 57 हजार 193 संपत्तियों और 5,519 गांवों में काम किया जा रहा है. इनमें से 112 गांवों में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का काम पूरा हो चुका है. योजना की प्रगति के लिए राजस्व अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है. उनीदा में सभी पात्र परिवारों की रजिस्ट्री पूरी होना इसी प्रक्रिया का हिस्सा है.
बैरसिया के उनीदा गांव में स्वामित्व योजना के तहत सभी पात्र परिवारों की रजिस्ट्री पूरी
